एशिया कप 2025 के सुपर 4 मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दूसरी जीत हासिल की। पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान के AK-47 सेलिब्रेशन (गन वाला इशारा) और भारतीय बल्लेबाजों के शानदार जवाब की खूब चर्चा हुई।
पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 171 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने अपनी फिफ्टी पूरी की और फिर बैट से AK-47 चलाने का इशारा किया। लेकिन भारत की तरफ से युवा ओपनर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पाकिस्तानी बॉलर्स की जमकर पिटाई की। उन्होंने पावरप्ले में 70 रन जोड़े और मैच का रुख भारत की तरफ कर दिया। अभिषेक के लगातार चौके-छक्कों को दानिश कनेरिया ने 'ब्रह्मास्त्र' बताया।
मैच के बाद पूर्व पाकिस्तानी लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने पाकिस्तानी टीम की आलोचना करते हुए कहा, "विश्वस्तरीय खिलाड़ी अपनी बैटिंग से जवाब देते हैं, इशारों से नहीं। भारत ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से जवाब दिया, जबकि पाकिस्तान सिर्फ शब्दों और सेलिब्रेशन तक ही सीमित रहा।"
अपने यूट्यूब चैनल पर दानिश ने कहा, "फरहान ने AK-47 चलाने का इशारा किया, जिसके बाद अभिषेक और शुभमन गिल ने 'ब्रह्मास्त्र' वाला इशारा किया। अभिषेक शर्मा की बैटिंग देखकर मुझे युवराज सिंह की याद आ गई। उन्होंने शाहीन अफरीदी की पहली गेंद पर छक्का मारा। उन्होंने स्मार्ट क्रिकेट खेला और हमेशा बॉलर से एक कदम आगे रहे।" हालांकि, दानिश ने अपनी टीम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान टीम ने पिछले मैच की तुलना में भारत के खिलाफ बहुत बेहतर खेला। ग्रुप स्टेज का पहला मैच पूरी तरह एकतरफा था। लेकिन इस मैच में उन्होंने अच्छी बैटिंग की। साहिबजादा फरहान की बदौलत पाकिस्तान ने भारत को 171 रन का टारगेट दिया। ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान 190-200 रन बना सकता है, लेकिन फिर सूर्यकुमार यादव ने शिवम दुबे को बॉलिंग के लिए बुलाया और उन्होंने एक अहम विकेट लिया। इससे रन रेट रुका और पाकिस्तान बैकफुट पर आ गया।"
दानिश ने यह भी कहा कि पाकिस्तान का सैम अय्यूब को नंबर तीन पर बैटिंग के लिए भेजना अच्छा फैसला था। वहीं, फखर जमान के विकेट के पीछे कैच के फैसले पर विवाद हुआ। थर्ड अंपायर ने उन्हें आउट दिया, लेकिन पाकिस्तानी कमेंटेटर का कहना था कि बल्लेबाज को इसका फायदा मिलना चाहिए था। लेकिन सच्चाई यह थी कि संजू सैमसन के ग्लव्स गेंद के नीचे थे; यह साफ कैच था।
"पाकिस्तानी फरहान ने AK-47 का इशारा किया,
— Nehra Ji (@nehraji77) September 22, 2025
शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने अपने बल्ले से ब्रह्मोस चलाया"
---- पाकिस्तानी,हिंदू क्रिकेटर, दानिश कनेरिया pic.twitter.com/d1uoXe4joV