IND vs ENG: भारत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 15वें मैच में टॉस गंवाया गिल के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

शुभमन गिल मौजूदा टेस्ट सीरीज़ में अब तक सभी पाँचों टॉस हार चुके हैं। वहीं, भारतीय पुरुष टीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 15वें मैच में टॉस गंवाया। यह पहला मौका है जब ओली पोप ने बतौर कप्तान किसी टेस्ट मैच में टॉस जीता है।

ad

भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पाँच मैचों की टेस्ट सीरीज़ का आखिरी मैच आज से लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। इंग्लैंड के कप्तान ओली पोप (बेन स्टोक्स की जगह कप्तानी कर रहे) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके साथ ही गिल लगातार पाँचवें टेस्ट मैच में टॉस हार गए।

गिल ने सभी पाँच मैचों में टॉस गंवाया

शुभमन गिल मौजूदा टेस्ट सीरीज़ में अब तक सभी पाँचों टॉस हार चुके हैं। वहीं, भारतीय पुरुष टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 15वें मैच में टॉस हार गई। यह पहला मौका है जब ओली पोप ने बतौर कप्तान किसी टेस्ट मैच में टॉस जीता है। यह 14वीं बार है जब किसी टीम ने पाँच मैचों की टेस्ट सीरीज़ में सभी पाँचों टॉस गंवाए हैं। 21वीं सदी में इससे पहले ऐसा सिर्फ़ एक बार हुआ है, जब भारत 2018 में इंग्लैंड दौरे पर सभी पाँच मैचों में टॉस हार गया था।

दोनों टीमें चार बदलावों के साथ उतरीं

भारत पाँचवें मैच में चार बदलावों के साथ उतरा। कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि ऋषभ पंत की जगह ध्रुव जुरेल, शार्दुल ठाकुर की जगह करुण नायर, जसप्रीत बुमराह की जगह प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज की जगह आकाशदीप ने जगह बनाई है। वहीं, इंग्लैंड ने भी प्लेइंग-11 में कुल चार खिलाड़ियों में बदलाव किया है। बेन स्टोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन इस प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं हैं। स्टोक्स की जगह स्पिन ऑलराउंडर जैकब बेथेल को शामिल किया गया है। वह छठे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। वहीं, सरे के दो तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन और जोश टंग को भी टीम में शामिल किया गया है।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है

भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, आकाशदीप, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।

इंग्लैंड: जैक क्रॉले, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रुक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन और जोश टंग।